21 अगस्त: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की सोच है कि प्रदेश की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति और परिवार तक पहुंचे। इसी उद्देश्य से ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ पहल के तहत जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यह बात धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर ने वीरवार को शिव मंदिर, सरकाघाट परिसर में धर्मपुर क्षेत्र की पांच पंचायतों के लिए आयोजित खंड स्तरीय विशेष जनसंवाद कार्यक्रम में कही।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र परिवार जानकारी के अभाव या अन्य कारणों से सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। जनसंवाद के माध्यम से बीपीएल परिवारों की जरूरतों और समस्याओं की जानकारी लेकर पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
चंद्रशेखर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के तहत प्रदेश के करीब छह हजार निराश्रित बच्चों को ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ घोषित कर राज्य सरकार उनकी शिक्षा, रहने-खाने, देखभाल, विवाह, रोजगार और आवास जैसी जरूरतों की जिम्मेदारी उठा रही है। उन्होंने कहा कि आपदा के कठिन समय में भी प्रदेश सरकार ने प्रभावित परिवारों की हरसंभव सहायता की है।
केंद्र से मिलने वाली आपदा राहत राशि का उल्लेख करते हुए विधायक ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से हिमाचल को 1,500 करोड़ रुपये की सहायता देने की बात कही गई थी, लेकिन यह राशि अभी तक प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में प्रदेश की जनता के सामने स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के प्रयास किए गए हैं। किसान, बागवान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था सरकार की प्राथमिकता हैं। किसानों, बागवानों, पशुपालकों, युवाओं, अनाथ बच्चों, विधवा महिलाओं और एकल महिलाओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि गाय के दूध का खरीद मूल्य 61 रुपये और भैंस के दूध का 71 रुपये प्रति लीटर किया गया है। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए राजीव गांधी प्राकृतिक खेती स्टार्ट-अप योजना शुरू की गई है। प्राकृतिक खेती से उत्पादित गेहूं का समर्थन मूल्य 80 रुपये, मक्की का 50 रुपये और कच्ची हल्दी का 150 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित किया गया है। अदरक के लिए भी 30 रुपये प्रति किलोग्राम समर्थन मूल्य घोषित किया गया है।
विधायक ने कहा कि ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ पहल के तहत पात्र बीपीएल परिवारों को आवास उपलब्ध करवाने के साथ 300 यूनिट निःशुल्क बिजली और पात्रता के अनुसार 1,500 रुपये मासिक सहायता का लाभ देने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सुधार लाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। अधिकारियों ने लोगों को सरकारी योजनाओं, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी। इस दौरान लोगों ने अपनी समस्याएं और सुझाव विधायक एवं अधिकारियों के समक्ष रखे। कार्यक्रम के बाद विधायक चंद्रशेखर ने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।