20 मार्च : हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में लंबे समय से खाली चल रहे शारीरिक शिक्षा शिक्षकों (PET) के 870 पदों को भरने का रास्ता साफ हो गया है। उच्च न्यायालय के आदेश के बाद शिक्षा निदेशालय ने भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश जारी कर दिए हैं, जिससे अब इन पदों को भरने में तेजी आएगी।
शिक्षा निदेशालय (प्रारंभिक शिक्षा) द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, यह भर्ती सरकार की नई जॉब ट्रेनी योजना के तहत की जाएगी। वीरवार को सभी जिला उपनिदेशकों को पत्र भेजकर भर्ती प्रक्रिया को तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
चयनित अभ्यर्थियों को जॉब ट्रेनी के रूप में नियुक्त किया जाएगा और उन्हें 21,500 रुपये प्रतिमाह फिक्स्ड मानदेय दिया जाएगा। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया मौजूदा भर्ती एवं पदोन्नति नियमों के तहत होगी, जिसमें आरक्षण रोस्टर और बैकलॉग को भी शामिल किया जाएगा।
जिलों को निर्देश दिए गए हैं कि दिव्यांग कोटे से संबंधित प्रस्ताव 5 दिनों के भीतर राज्य चयन आयोग को भेजे जाएं, जबकि पूर्व सैनिक कोटे के मामलों को सीधे पूर्व सैनिक निगम को भेजा जाएगा। साथ ही, जिन स्कूलों में छात्रों की संख्या 100 से कम है, वहां के पदों को रोस्टर में शामिल नहीं किया जाएगा।
विभाग ने पहले जारी सभी भर्ती विज्ञापनों को रद्द करने और नए सिरे से प्रक्रिया शुरू करने के आदेश दिए हैं।
जिलावार पदों की बात करें तो कांगड़ा में सबसे अधिक 189 पद भरे जाएंगे, जबकि मंडी में 158 और शिमला में 106 पदों पर भर्ती होगी। इसके अलावा बिलासपुर में 25, चंबा में 83, हमीरपुर में 48, किन्नौर में 18, कुल्लू में 42, लाहौल-स्पीति में 12, सिरमौर में 76, सोलन में 40 और ऊना में 73 पदों को भरा जाएगा।
इस भर्ती से प्रदेश के स्कूलों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और छात्रों को शारीरिक शिक्षा का बेहतर मार्गदर्शन मिल सकेगा।