8 अगस्त: इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम परिसर शिमला में शनिवार से 36वीं सब-जूनियर राज्य स्तरीय जूडो प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों से 300 से अधिक युवा खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। खिलाड़ी अलग-अलग भार वर्गों में अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए पदक के लिए मुकाबला कर रहे हैं।
प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश के युवा जूडो खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध करवाने के साथ उनमें खेल भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास और शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच विभिन्न भार वर्गों में रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं।
प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर हिमाचल प्रदेश सरकार के प्रिंसिपल सेक्रेटरी अभिषेक जैन मुख्य अतिथि रहे। एचपीटीडीसी के एमडी डॉ. राजीव कुमार ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
प्रदेश में जूडो खेल को बढ़ावा देने और इसे नई पहचान दिलाने में जूडो के संस्थापक रमेश चौहान का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके मार्गदर्शन और नेतृत्व में इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में महासचिव सुरेंद्र ठाकुर, मुख्य कार्यकारी अधिकारी डी.एस. चंदेल, कोषाध्यक्ष पंकज शर्मा और उपाध्यक्ष नरेश ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी योगदान दे रहे हैं। कोच संजय ठाकुर भी आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
राज्यभर से पहुंचे युवा खिलाड़ी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम करने के लिए पूरा दमखम लगा रहे हैं।