14 जून : हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण श्रमिक कल्याण बोर्ड की मदद से मंडी जिला के दर्जनों निर्माण श्रमिकों का अपने घर का सपना पूरा हो रहा है। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत मंडी जिला के 30 पंजीकृत श्रमिकों को घर निर्माण के लिए करीब 40 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है।
सरकाघाट क्षेत्र की लाभार्थी सुनीता कुमारी ने बताया कि श्रमिक कल्याण बोर्ड और विकास खंड कार्यालय से मिली कुल 3 लाख रुपये की सहायता से उन्होंने अपना पक्का मकान तैयार किया है। वहीं, रामप्यारी और सुखदेव जैसे अन्य लाभार्थियों ने भी इस योजना के जरिए अपना आशियाना बनाने का सपना पूरा किया है।
जिला श्रम अधिकारी अनिल ठाकुर ने बताया कि योजना का लाभ केवल पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को दिया जाता है। पात्र लाभार्थियों को मकान निर्माण के लिए 1.50 लाख रुपये तक की सहायता राशि उपलब्ध करवाई जाती है। योजना का लाभ लेने के लिए श्रमिक पंचायत या तहसील कल्याण अधिकारी के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
इस योजना से गरीब और जरूरतमंद श्रमिक परिवारों को स्थायी आवास उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है, जिससे उनके जीवन स्तर में भी सुधार हो रहा है।