27 फरवरी: जिला बिलासपुर के भराड़ी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुहादड़ा गांव में पुलिस ने एक व्यक्ति को 6.62 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी हाल ही में नशा तस्करी के एक अन्य मामले में जेल से रिहा हुआ था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भराड़ी थाने की पुलिस टीम गश्त के दौरान लहरिसरेल की ओर जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुहादड़ा गांव में एक व्यक्ति अपने घर से नशीले पदार्थ की बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 6.62 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी पहले भी नशा तस्करी के मामलों में संलिप्त रह चुका है। हाल ही में जेल से रिहा होने के बावजूद वह पुनः अवैध गतिविधियों में शामिल पाया गया।
बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को नशीला पदार्थ कहां से उपलब्ध हुआ और इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं।