आवाज ए हिमाचल
20 अगस्त: भारी बरसात से शाहपुर क्षेत्र में भारी तबाही हुई है। मकान गिरने से जहां गोरड़ा में 10 बर्षीय बालक की मौत हो गई वहीं डोहब पंचायत में घर गिर गए। चंबी में भू-स्खलन से कई दुकान इसकी चपेट में आ गईं तो कैरी सहित कई स्थानों पर वर्षा जल लोगों के घरों में घुस गया। वर्षा से हुए नुक्सान की जानकारी लगते ही प्रदेश कांग्रेस महासचिव केवल सिंह पठानिया शनिवार सुबह घटनास्थलों का दौरा करने निकल पड़े।

उन्होंने प्रभावित लोगों से मिलकर नुकसान का जायजा लिया तथा उन्हें हर सम्भव सहायता उपलब्ध करवाने का भरोसा भी दिया। केवल पठानिया ने जिला प्रशासन तथा राज्य सरकार से प्रभावितों को तुरन्त सहायता राशि उपलब्ध करवाने का आग्रह किया। सड़क बन्द होने के कारण चंबी में फंसे एक निजी कालेज में परीक्षा देने जा रहे छात्रों को केवल सिंह पठानिया ने उन्हें कालेज तक भी पहुंचाया। पठानिया ने चंबी, डोहब व धारकंडी क्षेत्र सहित अन्य इलाकों का दौरा कर वर्षा से हुए नुकसान का जायजा लिया व प्रभावित लोगों से मिले। 

वर्षा से क्षेत्र की विभिन्न सड़कें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं तथा करोड़ों का नुकसान अनुमानित हैं। कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति भी वाधित हुई है । कई जगहों पर पेड़ गिरने से नुकसान होने की भी सूचनाएं हैं।
कांग्रेस नेता केवल सिंह पठानिया ने कहा कि हर बार बरसात के मौसम में करोड़ों का नुकसान होता है परन्तु सरकार एहतियात के तौर पर कोई कदम नहीं उठाती जिसका खमियाजा लोगों को भुगतना पड़ता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय विधायक व मंत्री की अनदेखी शाहपुर क्षेत्र पर भारी पड़ रही है। केवल पठानिया ने कहा कि रूटीन विकास तो सतत चलने वाली प्रक्रिया होती है परन्तु एक विधायक की नजर व दृष्टि जब बड़ी नहीं होती है तो जनता को अनेकों परेशानियां का सामना करना पड़ता है तथा वर्तमान में यही शाहपुर में घट रहा है, जो कष्टकारक है। कांग्रेस नेता ने प्रशासन से आग्रह किया है कि शाहपुर क्षेत्र में हुए नुकसान का आकलन कर तुरन्त प्रभावितों को मदद उपलब्ध करवाई जाए।
