25 मई: जनजातीय उपमंडल पांगी में पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के लिए रविवार को पोलिंग टीमों को चुनाव सामग्री के साथ संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। यह प्रक्रिया जिला निर्वाचन अधिकारी एवं आवासीय आयुक्त पांगी अमनदीप सिंह की निगरानी में पूरी की गई।
जानकारी के अनुसार पांगी उपमंडल की 19 ग्राम पंचायतों में 26 और 28 मई को मतदान होना है। चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए कुल 52 पोलिंग टीमें विभिन्न मतदान केंद्रों के लिए भेजी गई हैं, जबकि 10 टीमों को रिजर्व में रखा गया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए 61 पुलिस जवानों की भी तैनाती की गई है।
रवाना होने से पहले जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी पोलिंग टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए जिम्मेदारी और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत संबंधित सेक्टर अधिकारी से संपर्क किया जाए। साथ ही राज्य चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने और बिना पुलिस सुरक्षा के आवाजाही न करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने मतदान सामग्री की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि मतदान केंद्रों के बाहर 100 मीटर की परिधि में किसी भी प्रकार की भीड़ या प्रचार-प्रसार की अनुमति नहीं होगी। वहीं चुनाव ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवानों को भी सुरक्षा संबंधी आवश्यक निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ एकत्र न होने देने के निर्देश भी जारी किए।