12 अक्तूबर: पथ परिवहन पेंशनर कल्याण संगठन की मासिक बैठक रविवार को मुख्यालय स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह परिसर में हुई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के प्रधान कुलदीप कुमार ने की। इस दौरान निगम के पेंशनरों की मांगों और समस्याओं पर चर्चा कर आगामी रणनीति तय की गई। संगठन की सदस्यता ग्रहण करने वाले नए पेंशनरों का फूलमालाएं पहनाकर स्वागत भी किया गया।
बैठक में वक्ताओं ने उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री के चंबा प्रवास के दौरान सौंपे गए मांग पत्र पर कार्रवाई न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि मांग पत्र में महंगाई भत्ते की तीन प्रतिशत किस्त जारी करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई थी, लेकिन एक माह बीतने के बाद भी इस दिशा में कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया है।
वक्ताओं ने कहा कि निगम के नियमित कर्मचारियों को सरकार करीब आठ से नौ माह पहले महंगाई भत्ते की तीन प्रतिशत किस्त जारी कर चुकी है, जबकि पेंशनरों को अभी तक इसका लाभ नहीं मिला है। संगठन के अध्यक्ष मनोहर लाल ने कहा कि अन्य विभागों के पेंशनरों को वर्ष 2016 के संशोधित वेतनमान का एरियर दिया जा रहा है, लेकिन परिवहन निगम के पेंशनर इससे वंचित हैं।
उन्होंने कहा कि निगम से आठ से दस माह पहले सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को भी अब तक उनके वित्तीय लाभ नहीं मिले हैं। इससे पेंशनरों को परिवार का भरण-पोषण करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
संगठन ने प्रदेश सरकार और निगम प्रबंधन से पेंशनरों की लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो पेंशनर बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होंगे।