Spread the love
आवाज ए हिमाचल
28 जुलाई। शिमला में मंगलवार रात से जारी बारिश से भारी तबाही हुई है। शहर में जगह-जगह भूस्खलन होने और पेड़ गिरने से लाखों रुपये की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। भूस्खलन से कई गाड़ियां भी मलबे में दब गई हैं। शहर के पंथाघाटी वार्ड के शिवमंदिर एरिया में सड़क किनारे खड़ी कार पर भूस्खलन हो गया। पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर गिरने से कार चकनाचूर हो गई।
भूस्खलन से यहां बिजली ट्रांसफार्मर को भी खतरा पैदा हो गया है। मज्याठ में भी सड़क किनारे की जमीन धंसने से इस पर पार्क बोलेरो लुढ़क गई। बाद में इसे क्रेन की मदद से निकाला गया। शहर में जगह-जगह पेड़ गिरने और सड़कों पर मलबा आने से बुधवार सुबह यातायात व्यवस्था भी ठप रही। पेयजल परियोजनाओं में गाद आने से शहर में पानी की सप्लाई भी प्रभावित हुई है।