पंजाब के हालात देख हिमाचल पुलिस ने बॉर्डर पर बढ़ाया पहरा

Spread the love

आवाज़ ए हिमाचल    

ऊना। पड़ोसी राज्य पंजाब के खालिस्तान समर्थकों की गिरफ्तारी के बाद हिमाचल में भी सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। हिमाचल प्रदेश में पंजाब के साथ लगते जिलों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। इसके चलते ऊना, बिलासपुर, सोलन और कांगड़ा जिला की सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। डीजीपी संजय कुंडू भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा खुद ही ले रहे हैं। पंजाब राज्य में शनिवार को खालिस्तान समर्थक अमृतपाल के मामले को लेकर ऊना पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर के निर्देशों पर पंजाब राज्य के साथ सटे सभी प्रवेश द्वारों पर पुलिस का पहरा लगा दिया है।

पंजाब के होशियारपुर जिला के साथ लगते जिला ऊना के मरवाड़ी प्रवेश द्वार पर एसएचओ गगरेट की अगवाई में पुलिस टीमें लगा दी गई है। इसके अलावा मैहतपुर प्रवेश द्वार, बाथड़ी, पंडोगा सहित पंजाब के साथ लगते अन्य प्रवेश द्वारों पर पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है। पुलिस पंजाब से आने वाले हर व्यक्ति पर पैनी निगाह रखे हुए है। इसके अलावा सिरमौर पुलिस भी अलर्ट मोड पर आ गई है। सिरमौर की सीमाएं पड़ोसी राज्य हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश से सटी हैं, ऐसे में सिरमौर पुलिस ने सभी एंट्री प्वाइंट पर सतर्कता बढ़ा दी है। इसके अलावा सादे वस्त्रों में भी पुलिसकर्मियों को प्रवेश द्वार पर सतर्क रहने के निर्देश जारी किए गए हैं। उधर, सोलन के बीबीएन में भी पंजाब से सटी सीमाओं पर चौकसी बढ़ाई गई है। पंजाब की सीमा से सटे चार एंट्री प्वाइंट्स पर पुलिस के सशस्त्र जवानों ने मोर्चा संभाल लिया है। वहीं, बघेरी, दभोटा, ढेरावाल व नंवाग्राम बैरियर पर सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जा रही है। वहीं कांगड़ा में भी पंजाब से सटी सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *