कांग्रेस को UP में झटका: राहुल गांधी के करीबी पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद भाजपा में शामिल

Spread the love

आवाज ए हिमाचल 

09 जून। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है। कांग्रेसी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद आज यानी बुधवार को कांग्रेस छोड़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया है। भाजपा में शामिल होने के बाद जितिन प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस अब एक व्यक्ति विशेष और वर्ग विशेष की पार्टी रह गई है। इस वजह से काम नहीं कर पा रहा था।भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के बाद जितिन प्रसाद ने कहा, ”मैंने पिछले 8-10 सालों में ये महसूस किया है कि आज देश में अगर कोई असली मायने में संस्थागत राजनीतिक दल है तो भाजपा है।

बाकी दल तो व्यक्ति विशेष और क्षेत्र के हो गए, लेकिन राष्ट्रीय दल के नाम पर भारत में कोई दल है तो भाजपा है। उन्होंने कहा कि हमारा देश जिन चुनौतियों का सामना कर रहा है, उसके लिए आज देशहित में कोई दल और कोई नेता सबसे उपयुक्त और मजबूती से खड़ा है, तो वो भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं।”जितिन प्रसाद ने कहा, ”मेरा कांग्रेस पार्टी से तीन पीढ़ियों का साथ रहा है। मैंने ये महत्वपूर्ण निर्णय बहुत सोच, विचार और मंथन के बाद लिया है। आज सवाल ये नहीं है कि मैं किस पार्टी को छोड़कर आ रहा हूं बल्कि सवाल ये है कि मैं किस पार्टी में जा रहा हूं और क्यों जा रहा हूं। कांग्रेस में मैं अपने लोगों की सेवा नहीं कर पा रहा था। मुझे उम्मीद है कि भाजपा के माध्यम से मैं लोगों की सेवा कर सकूंगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *