आवाज़-ए-हिमाचल
23 अक्टूबर : वैज्ञानिकों के मुताबिक पूर्वी भारत के अरुणाचल प्रदेश से लेकर पश्चिम में पाकिस्तान तक फैली हिमालय पर्वत माला एक बार फिर कई सिलसिलेवार भूकंपों का गढ़ बन सकती है। हिमालय पर्वत शृंखला में कई सिलसिलेवार भूकंपों के साथ बड़ा भूकंप कभी भी आ सकता है। इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर आठ या उससे भी अधिक हो सकती है। वैज्ञानिकों का दावा है कि हिमालय के आसपास घनी आबादी वाले देशों में इससे भारी तबाही मच सकती है राजधानी दिल्ली भी इसकी जद में होगी। हालांकि ये भूकंप कब आएंगे इसका अनुमान फिलहाल नहीं लगाया गया है। वैज्ञानिकों का मानना है कि अगले 100 साल में इनके आने की आशंका है। इसके पहले भी यह क्षेत्र भूकंप का गढ़ रह चुका है। शोध के मुताबिक हिमालय में आने वाले भूकंप 20वीं सदी में अलास्का की खाड़ी से लेकर पूर्वी रूस के कमचटका में आए भूकंपों जैसे भीषण होंगे। यूनिवर्सिटी ऑफ नेवादा का शोध सीसमोलॉजिकल रिसर्च लेटर्स जर्नल के अगस्त के अंक में प्रकाशित हुआ था। चंडीगढ़ और देहरादून तथा नेपाल के काठमांडू जैसे बड़े शहर हिमालय में आने वाले भूकंप के प्रभाव क्षेत्र के नजदीक हैं. इस तरह के बड़े भूकंप के दायरे में राजधानी दिल्लीभी आ सकती है|