आवाज़ ए हिमाचल
06 अप्रैल।हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव के लिए मंडी संसदीय सीट से वर्तमान सांसद और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के साथ उनके पुत्र व लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह का नाम भी पैनल में शामिल हो गया है। पार्टी सर्वे में कांगड़ा से पूर्व मंत्री आशा कुमारी के सबसे आगे रहने पर इनका नाम भी पैनल में है। 11 अप्रैल को नई दिल्ली में प्रस्तावित केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी तय किए जाएंगे। शनिवार को नई दिल्ली में हुई समन्वय समिति और स्क्रीनिंग कमेटी की बैठकों में संभावित प्रत्याशियों के नाम शार्टलिस्ट किए। शिमला संसदीय सीट पर माथापच्ची जारी है। सुजानपुर, धर्मशाला, बड़सर, गगरेट और लाहौल-स्पीति विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मजबूत प्रत्याशियों की तलाश जारी है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ल, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कौल सिंह ठाकुर और पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर ने मंथन किया। विक्रमादित्य विशेष तौर पर समन्वय समिति की बैठक में शामिल हुए। हमीरपुर संसदीय सीट से सतपाल रायजादा और कुटलैहड़ विधानसभा सीट से विवेक शर्मा को उतारा जाना लगभग तय है।शनिवार सुबह 11:00 बजे समन्वय समिति की बैठक शुरू हुई। इस दौरान संभावित प्रत्याशियों पर चर्चा हुई। वेणुगोपाल के समक्ष सर्वे रिपोर्ट रखी। इसी के आधार पर मंडी से विक्रमादित्य का नाम पैनल में शामिल किया गया। सूत्रों के अनुसार मंडी में प्रत्याशी तय करने के लिए करवाए सर्वे में विक्रमादित्य का नाम सबसे ऊपर रहा है। भाजपा प्रत्याशी अभिनेत्री कंगना रणौत से मुकाबले के लिए उन्हें सशक्त माना गया है। उधर, कांगड़ा से पूर्व मंत्री आशा कुमारी को मजबूत प्रत्याशी बताया गया है। पैनल में संजय चौहान और करण सिंह पठानिया के नाम भी शामिल हैं। शिमला संसदीय सीट से दयाल प्यारी, अमित नंदा, कौशल मुंगटा का नाम पैनल में है। पूर्व में शिमला से भाजपा सांसद रहे वीरेंद्र कश्यप पर भी कांग्रेस में चर्चा हो रही है।