हिमाचल में लॉन्च हुआ ‘तकनीकी रोजगार सेतु’ पोर्टल, छात्रों को मिलेगा सीधे नौकरी का मौका

21 जुलाई: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार देर सायं तकनीकी शिक्षा विभाग के ‘तकनीकी रोजगार सेतु’ पोर्टल का शुभारंभ किया। यह राज्य का अपनी तरह का पहला डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसका उद्देश्य तकनीकी छात्रों, शिक्षण संस्थानों और उद्योगों को एक मंच पर जोड़कर प्लेसमेंट और भर्ती प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार कौशल विकास और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग कर रही है। ‘तकनीकी रोजगार सेतु’ पोर्टल युवाओं और उद्योगों के बीच मजबूत कड़ी का कार्य करेगा तथा तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्रों को बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएगा।

इस पोर्टल पर छात्र अपनी प्रोफाइल, कौशल, प्रशिक्षण और प्रमाणपत्र अपलोड कर सकेंगे। साथ ही विभिन्न नौकरी के अवसरों के लिए ऑनलाइन आवेदन करने और अपनी प्लेसमेंट की स्थिति की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे। वहीं, नियोक्ता भी पोर्टल पर पंजीकरण कर रिक्त पदों की जानकारी साझा करने, योग्य उम्मीदवारों का चयन करने और नियुक्ति संबंधी जानकारी विभाग को उपलब्ध कराने में सक्षम होंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पोर्टल पर अब तक 164 संस्थान पंजीकृत हो चुके हैं, जिनमें 136 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), 18 पॉलिटेक्निक, 5 इंजीनियरिंग कॉलेज और 5 फार्मेसी कॉलेज शामिल हैं। हिम एक्सेस इंटीग्रेशन पोर्टल के माध्यम से 26,168 छात्रों का पंजीकरण किया जा चुका है, जिनमें से 23,054 छात्रों की कौशल मैपिंग पूरी हो चुकी है। इसके अलावा 97 नियोक्ता भी इस प्लेटफॉर्म से जुड़ चुके हैं।

उन्होंने कहा कि पोर्टल के माध्यम से इलेक्ट्रीशियन, प्लंबर जैसे कुशल श्रमिक भी अपना पंजीकरण करा सकेंगे, जिससे अल्पकालिक कार्यों के लिए उनकी सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी। तकनीकी शिक्षण संस्थान भी इसी प्लेटफॉर्म के जरिए छात्रों का रिकॉर्ड, प्रोफाइल अनुमोदन और प्लेसमेंट परिणामों की निगरानी कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ‘तकनीकी रोजगार सेतु’ पोर्टल उद्योगों और शिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करेगा, युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाएगा और प्रदेश के कुशल युवाओं को गुणवत्तापूर्ण रोजगार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *