16 जुलाई : इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) ने सितंबर और नवंबर 2026 सत्र की चार्टर्ड अकाउंटेंसी (CA) परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। सीए फाउंडेशन, इंटरमीडिएट और फाइनल परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थी ICAI के सेल्फ सर्विस पोर्टल (SSP) के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। बिना विलंब शुल्क के आवेदन करने की अंतिम तिथि 19 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है, जबकि 22 जुलाई 2026 तक लेट फीस के साथ आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन पत्र में संशोधन के लिए 23 से 25 जुलाई 2026 तक करेक्शन विंडो भी खुली रहेगी।
ICAI द्वारा जारी परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार सीए फाउंडेशन की परीक्षाएं 2, 5, 7 और 9 सितंबर, सीए इंटरमीडिएट ग्रुप-1 की परीक्षाएं 1, 3 और 6 सितंबर, जबकि ग्रुप-2 की परीक्षाएं 8, 10 और 12 सितंबर 2026 को आयोजित होंगी। वहीं सीए फाइनल ग्रुप-1 की परीक्षाएं 2, 4 और 6 नवंबर तथा ग्रुप-2 की परीक्षाएं 9, 11 और 13 नवंबर 2026 को होंगी।
संस्थान ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा कार्यक्रम में बाद में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया जाएगा। यदि किसी परीक्षा तिथि पर बाद में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाता है, तब भी परीक्षा तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होगी।
आवेदन शुल्क सीए फाउंडेशन और इंटरमीडिएट (एक ग्रुप) के लिए 1,500 रुपये, इंटरमीडिएट (दोनों ग्रुप) के लिए 2,700 रुपये, सीए फाइनल (एक ग्रुप) के लिए 1,800 रुपये और सीए फाइनल (दोनों ग्रुप) के लिए 3,300 रुपये निर्धारित किया गया है।
परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से पहले दोपहर 1:45 बजे से 15 मिनट का अतिरिक्त रीडिंग टाइम दिया जाएगा, ताकि वे प्रश्नपत्र को अच्छी तरह पढ़ सकें। हालांकि यह सुविधा सीए फाउंडेशन के पेपर-3 और पेपर-4 तथा पोस्ट-क्वालिफिकेशन परीक्षाओं में उपलब्ध नहीं होगी।