27 जनवरी: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के बैजनाथ क्षेत्र के नगेहड़ गांव में एक घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां एक बेटे ने अपने ही 78 वर्षीय पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात सुरेंद्र कुमार घर पहुंचा और किसी बात को लेकर अपनी मां रामप्यारी से गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर जब छोटे भाई ने मां को बचाने का प्रयास किया, तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया।
शोर सुनकर बीच-बचाव के लिए आए परिवार के मुखिया जगदीश चंद ने बेटे को समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने गुस्से में आकर अपने वृद्ध पिता पर लात-घूंसों से बेरहमी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से जगदीश चंद मौके पर ही गिर पड़े।
परिजन उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल बैजनाथ लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मृतक की पत्नी की शिकायत पर थाना बैजनाथ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और शव का पोस्टमार्टम करवा कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जाएगी।