16 जुलाई: हमीरपुर जिले की दोसड़का स्थित सब जेल में बुधवार को एक संदिग्ध पैकेट मिलने से हड़कंप मच गया। पैकेट से मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, तंबाकू उत्पाद, नकदी समेत अन्य सामान बरामद हुआ है। मामले की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन ने तुरंत सदर थाना पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, जेल परिसर में तैनात एक संतरी की नजर एल्युमिनियम फॉयल में लिपटे एक पैकेट पर पड़ी। इसकी सूचना जेल अधीक्षक को दी गई। निगरानी में पैकेट खोलने पर उसके अंदर खाकी टेप में लिपटे मोबाइल फोन, डाटा केबल, बीड़ी, तंबाकू के पैकेट, चाय पत्ती, लाइटर, कैप्सूल तथा 100 और 5 रुपये की नकदी बरामद हुई। फिलहाल जांच के चलते पुलिस और जेल प्रशासन ने बरामद वस्तुओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह पैकेट जेल परिसर तक कैसे पहुंचा। यह पता लगाया जा रहा है कि किसी ने इसे बाहरी दीवार के पार से फेंका या किसी अन्य माध्यम से अंदर पहुंचाया गया। साथ ही यह भी जांच का विषय है कि ऐसी घटना पहली बार हुई है या पहले भी इस तरह की गतिविधियां होती रही हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राजेश उपाध्याय ने बताया कि मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। पैकेट में मौजूद सामान और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है।