आवाज़ ए हिमाचल
नई दिल्ली। भारत में आज से जी20 शिखर सम्मेलन की बैठक शुरू हो गई है। बैठक में भाग लेने के लिए कई देशों के नेता दिल्ली पहुंचे हैं। बैठक में अफ्रीकन यूनियन को भी जी20 में स्थायी सदस्य के रूप में शामिल किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने अफ्रीकन यूनियन के अध्यक्ष अजाली असौमनी को गले लगाकर बधाई दी। पीएम मोदी ने कहा,“ आप सबकी सहमति से, आगे की कार्यवाही शुरू करने से पहले, मैं अफ्रीकन यूनियन के अध्यक्ष को जी-20 के स्थाई सदस्य के रूप में अपना स्थान ग्रहण करने के लिए आमंत्रित करता हूं।” उन्होंने कहा ,“ भारत की जी-20 अध्यक्षता, देश के भीतर तथा देश के बाहर, समावेश और सबका साथ” का प्रतीक बन गई है। भारत में यह पीपल्स जी -20 बन गया। करोड़ों भारतीय इससे जुड़े। देश के 60 से ज़्यादा शहरों में 200 से ज्यादा अधिक बैठकें हुईं।” पीएम मोदी ने कहा कि सबका साथ की भावना से ही भारत ने प्रस्ताव रखा था कि अफ्रीकी संघ को जी-20 की स्थाई सदयस्ता दी जाए। मेरा विश्वास है कि इस प्रस्ताव पर हम सब की सहमति है। इसके बाद उन्होंने अफ्रीकी संघ को जी 20 समूह में विधिवत रूप से शामिल करने की घोषणा की। पीएम के इस ऐलान के बाद पूरा भारत मंडपम तालियों से गूंज उठा।
बता दें कि अफ्रीकन यूनियन में 55 देश शामिल हैं और जी20 में इसका शामिल होना एक बड़ा कदम माना जा रहा है। वहीं, अब जी20 का नाम बदलकर जी21 किए जाने की भी उम्मीद है। इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ का विचार दुनिया के लिए मार्गदर्शक हो सकता है। यह हम सभी के लिए वैश्विक भलाई के लिए एक साथ चलने का समय है।


