8 जुलाई: भारतीय सेना की ओर से कांगड़ा और चंबा जिलों के युवाओं के लिए 1 से 14 अगस्त तक धर्मशाला के सिंथेटिक ग्राउंड में अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। भर्ती रैली को सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार को मिनी सचिवालय में अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार की अध्यक्षता में सेना और विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई।
बैठक में भर्ती रैली से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अतिरिक्त उपायुक्त ने एसडीएम और तहसीलदार धर्मशाला को रैली का नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने अभ्यर्थियों के ठहरने की व्यवस्था, वाटरप्रूफ टेंट, वाहन पार्किंग, पुलिस कंट्रोल रूम, अतिरिक्त बसों की उपलब्धता, चिकित्सकों और एम्बुलेंस की तैनाती, सफाई व्यवस्था, मोबाइल शौचालय, पेयजल, बिजली और इंटरनेट जैसी सभी जरूरी सुविधाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही खेल, शिक्षा और तकनीकी शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भर्ती प्रमाण-पत्रों के सत्यापन के लिए सक्षम अधिकारियों की नियुक्ति करने को कहा, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
विनय कुमार ने कहा कि मानसून के मौसम को देखते हुए सभी विभाग पहले से अपनी तैयारियां पूरी कर लें और संभावित आपात स्थितियों से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क रहें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी हों, जिससे भर्ती प्रक्रिया बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।
बैठक में सेना की ओर से कर्नल विशाल शाह, मेजर अखिल एस. नायर, प्रदीप सिंह और सूबेदार मेजर नीरज तथा प्रशासन की ओर से एसी विवेक चौहान, एसडीएम मोहित रत्न सहित पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, जल शक्ति, विद्युत बोर्ड, परिवहन, नगर निगम और खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।