19 जून: ग्रेटर नोएडा के ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर एक ओवरलोड डंपर चालक की लापरवाही ने बड़ा खतरा पैदा कर दिया। बताया जा रहा है कि RTO चेकिंग से बचने के लिए ट्रक चालक ने चलते वाहन से सड़क पर पत्थर गिराने शुरू कर दिए, जिससे कुछ ही देर में एक्सप्रेस-वे पर अफरा-तफरी और लंबा जाम लग गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डंपर की पिछली बॉडी आधी खुली हुई थी और उसमें भरे लाल पत्थर लगातार सड़क पर गिरते जा रहे थे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात संभाले। खास बात यह रही कि पुलिसकर्मियों ने मशीनों का इंतजार करने के बजाय खुद फावड़ा उठाकर सड़क से पत्थर हटाने शुरू किए। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद यातायात को सामान्य किया जा सका।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने ओवरलोड वाहनों और चेकिंग व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। कई लोगों ने पूछा कि आखिर ऐसे ट्रक बिना कार्रवाई के सड़कों पर कैसे दौड़ रहे हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।