लोन और क्रेडिट कार्ड के नाम पर बढ़ रही साइबर ठगी, पुलिस ने जारी की चेतावनी

14 जून : साइबर अपराधी लोगों को बैंक लोन, क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने और अन्य बैंकिंग सुविधाओं का झांसा देकर ठगी का शिकार बना रहे हैं। लगातार सामने आ रहे मामलों को देखते हुए साइबर पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है और किसी भी अनजान कॉल या संदेश पर भरोसा न करने की अपील की है।

पुलिस के अनुसार ठग खुद को बैंक कर्मचारी बताकर व्हाट्सऐप, एसएमएस और फोन कॉल के माध्यम से लोगों से संपर्क करते हैं। इसके बाद वे सस्ते लोन, क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने या अन्य आकर्षक ऑफर का लालच देकर लोगों को अपने जाल में फंसाने की कोशिश करते हैं।

साइबर अपराधी भरोसा जीतने के बाद ओटीपी और बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी मांगते हैं। जैसे ही कोई व्यक्ति यह जानकारी साझा करता है, उसके बैंक खाते या क्रेडिट कार्ड से रकम निकाल ली जाती है।

साइबर पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाता विवरण, पासवर्ड या अन्य निजी वित्तीय जानकारी साझा न करें। लोगों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश या लिंक से सावधान रहें और उसकी पुष्टि किए बिना कोई जानकारी न दें।

पुलिस ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराए या नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *