मोदी सरकार के 12 साल पूरे: हिमाचल में 17 हजार करोड़ के विकास कार्य चल रहे – अनुराग ठाकुर

8 जून : सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष जनकल्याण, विकास और भारत की वैश्विक पहचान को मजबूत करने वाले रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि आज भारत दुनिया में नई प्रतिष्ठा हासिल कर चुका है और मोदी सरकार के नेतृत्व में देश ने विकास के कई नए आयाम स्थापित किए हैं।

हमीरपुर स्थित बसंत रिजॉर्ट में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्रियों में शामिल हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान ने भारत को नई पहचान दी है। शुरुआत में विपक्ष द्वारा इसका मजाक उड़ाया गया, लेकिन आज करोड़ों लोगों के जनधन खाते खुल चुके हैं और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रहा है।

उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने गरीबों, युवाओं, अनुसूचित जाति वर्ग और अन्य वर्गों के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की हैं। साथ ही देशभर में आधारभूत ढांचे के विकास को भी नई गति मिली है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार के प्रयासों से देश में फोरलेन सड़कों का जाल बिछा है और वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों की शुरुआत से लोगों का सफर पहले से अधिक सुगम हुआ है। स्वास्थ्य क्षेत्र में भी हिमाचल प्रदेश को बड़ी सौगातें मिली हैं। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में एम्स और हमीरपुर में मेडिकल कॉलेज जैसे संस्थान प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत कर रहे हैं।

उन्होंने यूपीए सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उस दौर में कई घोटाले सामने आए थे, जबकि मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल में भ्रष्टाचार के आरोप नहीं लगे हैं। यही कारण है कि देश की जनता का विश्वास लगातार भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी पर बना हुआ है।

भानुपल्ली-बिलासपुर रेल लाइन को लेकर प्रदेश सरकार पर साधा निशाना

पत्रकार वार्ता के दौरान अनुराग ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर भानुपल्ली-बिलासपुर रेल लाइन परियोजना के निर्माण कार्य में देरी के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि इस महत्वाकांक्षी रेल परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण और मुआवजे की प्रक्रिया में राज्य सरकार अपेक्षित सहयोग नहीं कर रही है।

उन्होंने बताया कि परियोजना के पहले चरण के तहत बिलासपुर से बरमाणा तक निर्माण कार्य जारी है और इसे वर्ष 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। हालांकि भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों के कारण कार्य प्रभावित हो रहा है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पर केंद्र सरकार की करीब 2 हजार करोड़ रुपये से अधिक की देनदारी है। उन्होंने प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि वह केंद्रीय अनुदान से राशि उपलब्ध करवाकर परियोजना को गति दे।

सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग और आशीर्वाद से हिमाचल प्रदेश में वर्तमान समय में करीब 17 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है, जिनका लाभ आने वाले समय में प्रदेश की जनता को मिलेगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *