8 जून : राजधानी शिमला के संजौली क्षेत्र में दर्जी और उसके सहकर्मी के साथ मारपीट तथा जुलूस निकालने के मामले में पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के विरोध में रविवार को हिंदू संगठनों ने संजौली थाने के बाहर प्रदर्शन करते हुए चक्का जाम किया, जिससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को संजौली स्थित एक दर्जी की दुकान के संचालक ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि कुछ लोग एक युवती को लेकर उनकी दुकान पर पहुंचे और पहचान संबंधी सवाल पूछने लगे। युवती द्वारा दोनों व्यक्तियों को पहचानने से इनकार करने के बावजूद भीड़ ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की और उन्हें सड़क पर ले जाकर नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने शनिवार को मदन ठाकुर और विजय शर्मा को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को रविवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। इसके अलावा पुलिस ने कल्पना शर्मा और श्वेता चौहान को भी हिरासत में लिया है। पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है।
एएसपी सिटी मेहर पंवार ने बताया कि नाबालिग युवती की शिकायत के आधार पर मुख्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जिन व्यक्तियों के साथ मारपीट की गई, उनका नाम पीड़िता के बयान में नहीं था, फिर भी पुलिस उनकी भूमिका की जांच कर रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने कानून को अपने हाथ में लेते हुए कथित रूप से जांच को प्रभावित करने और मारपीट करने का प्रयास किया, जिसके चलते कार्रवाई की गई।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।