शाहपुर अस्पताल को मिली अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन, विधायक केवल सिंह पठानिया ने किया शुभारंभ

2 जून : शाहपुर के नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करते हुए सोमवार को करीब 28 लाख रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

उन्होंने कहा कि नई अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू होने से शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अलावा ज्वाली और चंबा जिले के भटियात क्षेत्र के हजारों लोगों को लाभ मिलेगा। अब मरीजों को जांच के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज या अन्य स्थानों का रुख नहीं करना पड़ेगा, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।

केवल सिंह पठानिया ने इस सुविधा के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा शाहपुर अस्पताल का नया भवन अंतिम चरण में है और जल्द ही इसे जनता को समर्पित किया जाएगा। साथ ही अस्पताल के विकास कार्यों के लिए 4 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि भी स्वीकृत की गई है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक करोल ने स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी दी। विधायक ने अस्पताल परिसर का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ को सम्मानित किया।

इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, कांग्रेस कार्यकर्ता, अस्पताल स्टाफ और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *