31 मई: चंबा जिले के गोली-भलेई-सलूणी मार्ग पर चौहड़ा डैम के समीप एक पिकअप वाहन के चमेरा जलाशय में गिरने की आशंका के बाद चालक लापता हो गया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
लापता युवक की पहचान 21 वर्षीय तौफीक भट्ट पुत्र याकूब, निवासी गांव डांड, तहसील सलूणी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार तौफीक शुक्रवार को मुर्गे खरीदने के लिए पिकअप लेकर पठानकोट गया था, लेकिन रात करीब 8 बजे के बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया और उससे संपर्क नहीं हो पाया।
शनिवार को चौहड़ा डैम के पास सड़क किनारे युवक की एक चप्पल और पिकअप वाहन की स्टैपनी बरामद हुई। दोनों वस्तुओं की पहचान परिजनों ने की, जिसके बाद वाहन के जलाशय में गिरने की आशंका और गहरा गई।
परिजनों ने बताया कि तौफीक पोल्ट्री व्यवसाय से जुड़ा था और खरीदारी के लिए उसके पास नकदी भी थी। ऐसे में उन्होंने दुर्घटना के साथ-साथ किसी अन्य संभावित कारण की भी निष्पक्ष जांच की मांग की है।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। डीएसपी डल्हौजी मयंक शर्मा के नेतृत्व में जांच शुरू की गई, जबकि युवक और वाहन की तलाश के लिए खोज अभियान चलाया जा रहा है। एसडीएम डल्हौजी अनिल भारद्वाज ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम को भी सर्च ऑपरेशन के लिए लगाया गया है।
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठाए। उनका कहना है कि दुर्घटनास्थल पर यदि क्रैश बैरियर लगाए गए होते तो हादसा टल सकता था। लोगों का आरोप है कि मार्ग के कई हिस्सों में सुरक्षा उपाय अधूरे हैं और कई स्थानों पर लगे बैरियर भी क्षतिग्रस्त पड़े हैं।
आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर चक्का जाम कर प्रशासन और संबंधित एजेंसियों के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने दुर्घटनास्थल पर मजबूत सुरक्षा इंतजाम, क्षतिग्रस्त क्रैश बैरियरों की मरम्मत और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और लापता युवक की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।