आवाज़ ए हिमाचल
सुमित शर्मा, परवाणू
28 सितंबर।कसौली विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस टिकट पर विनोद सुल्तानपुरी का नाम तय होने की सूचना मिलते ही यहां बगावत ने एंट्री मार ली है। कसौली विधानसभा क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले जिला सोलन कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रविंद्र कुमार ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को भेजे अपने त्यागपत्र में कसौली से केवल एक परिवार को अधिमान देने का आरोप लगाया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि पार्टी में अब अनुसूचित जाति से सबंधित लोगों की कोई कद्र नहीं रही।
गौरतलब है की रविंद्र कुमार भी कसौली से कांग्रेस टिकट के दावेदार थे। कसौली से विनोद सुल्तानपुरी का नाम लगभग फाइनल हो जाने के बाद बगावती तेवर दिखाते हुए उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उनके अब जल्द भाजपा मे शामिल होने के कयास भी लगाए जा रहे है।
अपने त्यागपत्र में उन्होंने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए विनोद सुल्तानपुरी के परिवार पर संगीन आरोप लगाए है। उन्होंने अपने त्यागपत्र में आरोप लगाया है कि जिस परिवार ने लोकसभा चुनावों मे गंगू राम मुसाफिर को हरवाया था, उसी परिवार के सदस्य को 2012 में कांग्रेस ने टिकट देकर कृतार्थ किया, यही नहीं बल्कि दो चुनाव हारने के बाद अब फिर से उसी व्यक्ति को टिकट दिया गया है। उन्होंने कहा की वे पिछले कई वर्षो से पार्टी के लिए कार्य कर रहे है व 2012 से टिकट की मांग कर रहे है, लेकिन हर बार टिकट एक ही परिवार को दिया जा रहा है, जिस से वे आहत है। उन्होंने कहा की कसौली विस मे कांग्रेस पार्टी का घमंड एक बार फिर टूटेगा।
इस बारे रविंद्र कुमार से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया की कांग्रेस पार्टी कसौली विधानसभा क्षेत्र मे सिर्फ एक परिवार के लिए आरक्षित होकर रह गयी है। कांग्रेस द्वारा हर बार अनुसूचित जाति के लोगो पर निर्णय थोपे जा रहे है। इस से आहत होकर उन्होंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। समर्थको से विचार विमर्श के बाद जल्द ही अगला कदम उठाया जाएगा।