29 मई: NEET पेपर लीक मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट में चल रही सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं। सरकार ने अदालत को भरोसा दिलाया कि आगामी परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से कराने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
दरअसल, 3 मई को आयोजित हुई NEET-UG परीक्षा पेपर लीक विवाद के बाद रद्द कर दी गई थी। अब परीक्षा 21 जून को दोबारा आयोजित की जानी है। मामले में कई छात्रों और डॉक्टरों ने याचिका दायर कर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को बदलने की मांग की है।
सुप्रीम कोर्ट की बेंच ने सुनवाई के दौरान कहा कि छात्रों को ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ना बेहद चिंताजनक है। अदालत ने केंद्र सरकार से सुनिश्चित करने को कहा कि आगामी परीक्षा पूरी पारदर्शिता और बेहतर व्यवस्था के साथ करवाई जाए।
सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को बताया कि परीक्षा प्रक्रिया को मजबूत बनाने के लिए कई नए कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और एनटीए परीक्षा को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
वहीं, 2024 में गठित हाई पावर्ड कमेटी के अध्यक्ष और इसरो के पूर्व प्रमुख राधाकृष्णन भी कोर्ट में पेश हुए। उन्होंने बताया कि कमेटी द्वारा दिए गए 60 सुझावों में से कई लागू किए जा चुके हैं और परीक्षा प्रणाली को और मजबूत बनाया जा रहा है।
अब इस मामले की अगली सुनवाई जुलाई के दूसरे सप्ताह में होगी।