28 मई : हिमाचल प्रदेश में जारी पंचायती राज चुनाव के बीच ऊना जिले की बसोली पंचायत में मतदान के दौरान कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया। यहां दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच कहासुनी होने से मतदान केंद्र के बाहर गहमागहमी देखने को मिली।
जानकारी के अनुसार मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते माहौल गर्म हो गया, जिसके बाद मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों ने तुरंत स्थिति संभाली।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के समर्थकों को मतदान केंद्र परिसर से बाहर कर दिया। पुलिस की सतर्कता के चलते मामला शांत हो गया और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।
स्थिति सामान्य होने के बाद मतदान प्रक्रिया फिर से शांतिपूर्वक जारी रही।