28 मई : कर्नाटक की राजनीति में गुरुवार को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया है। बताया जा रहा है कि वह दोपहर 3 बजे राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार दिल्ली और बेंगलुरु में चली बैठकों के बाद कांग्रेस हाईकमान ने सिद्धारमैया को राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने का संकेत दिया है। इसके बाद उन्होंने पद छोड़ने का फैसला लिया।
इस्तीफे के ऐलान से पहले मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित ब्रेकफास्ट मीटिंग में सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार साथ नजर आए। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाया, जबकि डीके शिवकुमार ने सिद्धारमैया के पैर छूकर सम्मान भी जताया।
इस बीच कर्नाटक के गृह मंत्री ने भी संकेत दिए कि राज्य में नेतृत्व परिवर्तन होने जा रहा है। वहीं, डीके शिवकुमार के आवास के बाहर समर्थकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई है।
कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद को लेकर पिछले कई दिनों से राजनीतिक हलचल तेज थी। अब सिद्धारमैया के इस्तीफे के ऐलान के बाद नए मुख्यमंत्री को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।