NOTA की मुहर छोड़ना पड़ा भारी, पंचायत चुनाव ड्यूटी में लापरवाही पर चार अधिकारी सस्पेंड

27 मई: हिमाचल प्रदेश में पहले चरण के पंचायत चुनाव के दौरान शिमला जिले में चुनाव ड्यूटी में बड़ी लापरवाही सामने आई है। ग्राम पंचायत नरैन के वार्ड नंबर-1 स्थित ब्रांदली-1 मतदान केंद्र में पोलिंग पार्टी की गंभीर चूक के चलते जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने पूरी पोलिंग पार्टी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार मतदान कक्ष के अंदर निर्धारित एरो क्रॉस मार्क सील के साथ नोटा की रबर स्टैंप भी छोड़ दी गई थी। इसी दौरान एक मतदाता ने गलती से उम्मीदवार की जगह नोटा पर मुहर लगा दी। शिकायत मिलने के बाद मामला अधिकारियों के संज्ञान में आया। तब तक 124 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे।

घटना के बाद मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई और मतदान को बीच में रोकना पड़ा। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए पोलिंग पार्टी में तैनात चारों अधिकारियों को निलंबित कर दिया। निलंबित अधिकारियों में प्रीसाइडिंग अधिकारी अनिल कुमार, पोलिंग अधिकारी प्रकाश चंद, राज कुमार और रमेश चंद शामिल हैं।

आदेश के मुताबिक निलंबन अवधि के दौरान सभी अधिकारियों का मुख्यालय खंड विकास अधिकारी कार्यालय रामपुर तय किया गया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *