26 मई : हमीरपुर में एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान को तेज करते हुए उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों तथा अभिभावकों से अपील की है कि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की कोई भी लड़की इस टीकाकरण से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि जिन छात्राओं ने अभी तक HPV वैक्सीन नहीं लगवाई है, उन्हें 31 मई तक अनिवार्य रूप से टीका लगवाने के लिए प्रेरित किया जाए।
हिम अकादमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल विकासनगर में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने कहा कि HPV वैक्सीन लड़कियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से आजीवन सुरक्षा प्रदान करती है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर छात्राओं या अभिभावकों के मन में वैक्सीन को लेकर किसी प्रकार की भ्रांति है, तो स्वास्थ्य विभाग से संपर्क कर सही जानकारी प्राप्त करें।
जिला हमीरपुर में 29 मार्च से शुरू किए गए इस अभियान के तहत करीब 2967 लड़कियों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक 1318 लड़कियों का टीकाकरण किया जा चुका है, जबकि सोमवार को 19 छात्राओं ने यह टीका लगवाया।
कार्यक्रम में खंड स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रमेश रत्तू ने भी छात्राओं और शिक्षकों को HPV वैक्सीन के महत्व और इसके लाभों की विस्तृत जानकारी दी।