बढ़ सकती है मरने वालों की संख्या, शिवराज ने घोषित किया मुआवजा
आवाज़ ए हिमाचल
जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर में चंडाल भाटा क्षेत्र में न्यू लाइफ मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में सोमवार दोपहर को आग लग गई। थोड़ी ही देर में उसने विकराल रूप ले लिया। इसमें कई मरीज झुलस गए। ऑफिस के स्टाफ समेत दस लोगों की मौत हो गई। कुछ लोग गंभीर भी बताए जा रहे हैं। कुछ गंभीर झुलसे मरीजों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती किया गया है।
आग लगने के बाद फायर ब्रिगेड उसे बुझाने के लिए मौके पर पहुंच गई थी। तत्काल वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अफसरों ने भी मोर्चा संभाल लिया। जबलपुर एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने दस लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है।
#WATCH मध्य प्रदेश: जबलपुर के एक अस्पताल में आग लगी। दमकल की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। pic.twitter.com/QqcodjYiKK
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 1, 2022
वहीं, कलेक्टर इलैया राजा ने आशंका जताई कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। उन्होंने जांच के आदेश दे दिए हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने घटना पर दुख जताया है। मध्यप्रदेश सरकार ने मरने वालों के परिवारों के लिए पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक दो लोगों की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। जो झुलस गए थे, उन्हें शहर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मरने वालों में अस्पताल के कर्मचारी और मरीज भी शामिल हैं। प्राथमिक जांच में कहा जा रहा है कि वोल्टेज में फ्लक्चुएशन हो रहा था। इसकी वजह से जनरेटर से आग भड़की और उसने पूरी इमारत को अपने आगोश में ले लिया।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया पर कहा कि जबलपुर के एक अस्पताल में भीषण अग्नि दुर्घटना का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। स्थानीय प्रशासन और कलेक्टर से निरंतर संपर्क में हूं। मुख्य सचिव को संपूर्ण मामले पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। राहत एवं बचाव के लिए हरसंभव प्रयास किये जा रहे हैं। दु:ख की इस घड़ी में शोकाकुल परिवार स्वयं को अकेला न समझें,मैं और संपूर्ण मध्यप्रदेश परिवार के साथ है। राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी। घायलों के संपूर्ण इलाज का व्यय भी सरकार वहन करेगी।