बड़ागांव में भीषण अग्निकांड, सिलेंडर धमाके से कांपा इलाका, तीन मंजिला मकान की ऊपरी मंजिल राख

23 मई: शिमला जिले के कुमारसैन उपमंडल के बड़ागांव बस स्टैंड के समीप शुक्रवार को एक तीन मंजिला मकान में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि मकान की ऊपरी मंजिल पूरी तरह जलकर राख हो गई। हादसे के दौरान गैस सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हुआ, जिससे आसपास का इलाका दहल उठा। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस अग्निकांड में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।

जानकारी के अनुसार यह मकान सराहन गांव निवासी जिया लाल पुत्र परमानंद का बताया जा रहा है। आग मकान की सबसे ऊपरी मंजिल में लगी, जहां किराए पर रह रहे सुन्नी तहसील के धरोगड़ा गांव निवासी हनीश कुमार पुत्र बुद्धिराम का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। आग की लपटों के बीच सिलेंडर में विस्फोट होने से मकान की दीवारों में दरारें आ गईं और छत भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही कुमारसैन से अग्निशमन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और आसपास के मकानों को चपेट में आने से बचा लिया। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, जबकि प्रशासन नुकसान का आकलन करने में जुटा हुआ है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *