भरमौर में चुनावी तैयारियां तेज, अधिकारियों को निष्पक्ष मतदान के दिए निर्देश

22 मई: जनजातीय उपमंडल भरमौर में पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य चुनाव-2026 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को राजकीय महाविद्यालय भरमौर में दूसरे चरण का चुनावी पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमंडलाधिकारी भरमौर एवं रिटर्निंग अधिकारी विकास शर्मा ने की।

पूर्वाभ्यास में कुल 430 अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। इनमें सेक्टर अधिकारी, सहायक रिटर्निंग अधिकारी, पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी और रिजर्व स्टाफ शामिल रहे। इस दौरान चुनावी ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों को मतदान प्रक्रिया से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं और जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी दी गई।

जिला विकास अधिकारी तविंद्र कुमार ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनावों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और निर्वाचन प्रक्रिया में तैनात हर कर्मचारी की जिम्मेदारी बेहद अहम है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से प्रशिक्षण के दौरान दी जा रही जानकारी को गंभीरता से लेने और अपनी ड्यूटी पूरी निष्ठा, सतर्कता और पारदर्शिता के साथ निभाने का आह्वान किया।

उपमंडलाधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी विकास शर्मा ने बताया कि भरमौर विकास खंड में 26 और 28 मई को मतदान कराया जाएगा। मतदान प्रक्रिया सुबह 7 बजे से शाम 3 बजे तक चलेगी। पूर्वाभ्यास के दौरान मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं, निर्वाचन सामग्री के प्रबंधन और मतदान प्रक्रिया से जुड़े दिशा-निर्देशों की भी जानकारी दी गई।

इस अवसर पर तहसीलदार भरमौर तेज राम भारद्वाज, तहसीलदार होली अजय कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *