21 मई: राजगढ़ विकास खंड में पंचायती राज चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। इसी क्रम में विकास खंड कार्यालय में मतपत्रों के लेखन का कार्य भी सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।
निर्वाचन अधिकारी पंचायती राज एवं बीडीओ राजगढ़ कुलदीप ठाकुर ने बताया कि राजगढ़ विकास खंड की 34 पंचायतों में 26, 28 और 30 मई को मतदान कराया जाएगा। चुनावों के लिए करीब 1 लाख 20 हजार मतपत्र तैयार किए गए हैं। मतपत्र लेखन कार्य में लगभग 80 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी, जिन्होंने तय समय में प्रक्रिया पूरी की।
उन्होंने बताया कि जिला परिषद के 2 वार्डों के लिए 5 उम्मीदवार, पंचायत समिति के 13 वार्डों के लिए 36 उम्मीदवार और पंचायत प्रधान के 30 पदों के लिए 82 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए करीब 384 अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जिनमें सेक्टर अधिकारी, पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी, सहायक निर्वाचन अधिकारी और पुलिस कर्मी शामिल हैं।
प्रशासन द्वारा चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों को लगातार प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न आए और सभी प्रक्रियाएं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी हों।
राजगढ़ विकास खंड की 34 पंचायतों में कुल 35,706 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 18,432 पुरुष और 17,274 महिला मतदाता शामिल हैं।