21 मई: भुंतर क्षेत्र के शाढ़ाबाई में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर एक घर से लाखों रुपए के गहने और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। इतना ही नहीं, शातिर घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सुनीता बोध पत्नी स्वर्गीय प्रकाश चंद बोध निवासी बंजर कलैहली, डाकघर बजौरा ने बताया कि वह पिछले करीब दो सप्ताह से अपनी बेटी प्रियंका के साथ मनाली स्थित अपने दूसरे घर में रह रही थीं। इस दौरान शाढ़ाबाई स्थित घर की देखरेख और सफाई के लिए निशा नाम की महिला को रखा गया था, जो रोज सुबह-शाम घर के बाहर सफाई करने आती थी।
बुधवार सुबह निशा ने फोन कर बताया कि घर का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ है। सूचना मिलने पर सुनीता बोध अपनी बेटी के साथ मौके पर पहुंचीं और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। घर की जांच करने पर पता चला कि भूतल के एक कमरे की अलमारी तोड़कर चोर सोने का लॉकेट, सोने की अंगूठी, चार चांदी के सेट और चांदी के झुमके चोरी कर ले गए। इसके अलावा दूसरे कमरे से मोबाइल फोन और कॉस्मेटिक सामान भी गायब मिला।
पीड़िता के अनुसार चोरी हुए सामान की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। भुंतर पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। स्थानीय लोगों ने लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए इलाके में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।