सिरमौर में अवैध खनन पर बड़ा एक्शन, हाईवे पर माल फेंक फरार हुए माफिया

20 मई : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में वन विभाग ने अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कई वाहनों पर शिकंजा कसा है। कालाअंब-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे-07 पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान खनन माफिया में हड़कंप मच गया।

डीएफओ नाहन अवनी भूषण राय के निर्देश पर नाहन और कोलर रेंज की टीमों ने मंगलवार देर रात से बुधवार सुबह तक कटासन, दोसड़का, सैनवाला और कालाअंब क्षेत्रों में संयुक्त नाकाबंदी की। इस दौरान वन विभाग ने करीब 100 वाहनों की जांच की।

कार्रवाई की भनक लगते ही कई वाहन चालक रेत, बजरी और पत्थरों से भरे वाहन छोड़कर हाईवे पर सामग्री फेंक मौके से फरार हो गए। सैनवाला, आमवाला और मोगीनंद क्षेत्र में सड़क किनारे खनन सामग्री के ढेर मिले हैं।

वन विभाग ने अभियान के दौरान 8 वाहनों को कब्जे में लिया, जबकि एक वाहन को मौके पर कंपाउंड किया गया। मामले की सूचना संबंधित पुलिस थानों को भी दे दी गई है।

डीएफओ अवनी भूषण राय ने बताया कि फरार हुए वाहन चालकों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *