20 मई: हिमाचल प्रदेश के देहरा क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में पंजाब के 19 वर्षीय युवक की ब्यास नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना थाना रक्कड़ क्षेत्र के ऐतिहासिक कालेश्वर महादेव मंदिर के पास की है।
मृतक की पहचान विशाल पुत्र स्वर्गीय विजय मांझी निवासी भगतपुरा, तहसील फगवाड़ा, जिला कपूरथला (पंजाब) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विशाल अपने 8 दोस्तों के साथ मंदिर घूमने आया था। इस दौरान सभी युवक ब्यास नदी में नहाने उतर गए।
जानकारी के अनुसार नदी पार करते समय विशाल गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। दोस्तों के शोर मचाने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही रक्कड़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देहरा अस्पताल भेजा। एसपी देहरा मयंक चौधरी ने मामले की पुष्टि की है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद परिवार और दोस्तों में शोक का माहौल है।