मंडी में जमीन विवाद ने बिगाड़े रिश्ते, बेटे पर पिता से मारपीट का आरोप

9 मई: मंडी जिले के बीएसएल कॉलोनी थाना क्षेत्र के संगौढ़ गांव में जमीन विवाद को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हिंसक रूप ले बैठा। आरोप है कि बेटे ने अपने पिता पर डंडे से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल व्यक्ति का अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में मस्तराम ने बताया कि वह गांव में आयोजित एक मुंडन समारोह में शामिल होने गए थे। इसी दौरान उनका बेटा दुनी चंद वहां पहुंचा और आंगन में पड़े डंडे से उन पर हमला कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया।

हमले में मस्तराम के हाथ की उंगलियों, चेहरे, पीठ और पसलियों में चोटें आई हैं। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जमीन में हिस्सेदारी और नई कार को लेकर पिता-पुत्र के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते यह घटना हुई बताई जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *