शाहपुर नगर पंचायत पर सरवीन चौधरी के समर्थकों का कब्जा, निशा शर्मा अध्यक्ष तो किरण बनी उपाध्यक्ष

Spread the love

आवाज ए हिमाचल

29 मार्च। शाहपुर नगर पंचायत को नया अध्यक्ष व उपाध्यक्ष मिल गया है। मंगलवार को नगर पंचायत कार्यालय शाहपुर में चुनाव अधिकारी व एसडीएम डॉ मुरारी लाल की अध्यक्षता में हुई बैठक के दौरान 4 सदस्य ने भाग लिया, जबकि पूर्व अध्यक्ष उष्मा चौहान, उपाध्यक्ष विजय गुलेरिया व वार्ड एक की पार्षद उषा शर्मा ने बैठक का बहिष्कार कर दिया।  बैठक में मौजूद चार पार्षदों ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीन चौधरी की समर्थक वार्ड पांच की पार्षद निशा शर्मा को अध्यक्ष तो वार्ड 6 की पार्षद किरण कौशल को उपाध्यक्ष चुन लिया।

यहां बता दे कि पिछले साल गठित नगर पंचायत शाहपुर में सात वार्ड है। इससे पूर्व भाजपा नेता राकेश चौहान की पत्नी उष्मा चौहान नगर पंचायत की अध्यक्ष व विजय गुलेरिया उपाध्यक्ष पद पर आसीन थे। राकेश चौहान की सरवीन चौधरी से अनवन है। दोनों को कांग्रेस पार्षदों के समर्थन हासिल था, लेकिन 2 मार्च को कांग्रेस समर्थक पार्षद किरण कौशल ने पाला बदलकर सरवीन समर्थक 3 पार्षदों के सहयोग से अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव एसडीएम शाहपुर को दिया था। अविश्वास प्रस्ताव को लेकर 22 मार्च को रखी बैठक से पहले ही अध्यक्ष उष्मा चौहान व उपाध्यक्ष विजय ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया था। बैठक में केवल 4  पार्षद ही मौजूद रहे, जहां अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पास कर दिया गया। 28 मार्च को अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव रखा गया था, लेकिन इस बैठक में भी तीन पार्षदों ने भाग नहीं लिया, जिस कारण कोरम पूरा नहीं हो पाया तथा बैठक को स्थगित करना पड़ा। 29 मार्च को पुनः चुनाव आयोजित किया गया। इस बैठक में भी 3 पार्षद मौजूद नहीं हुए, लेकिन इसमें कोरम पूरा करने के लिए 4 पार्षद से अधिक पार्षदों को आवश्यक्ता नहीं थी।

बैठक में मौजूद पार्षदों की मौजूदगी में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए चुनावी प्रक्रिया अमल में लाई गई, जिसमें निशा शर्मा को अध्यक्ष व किरण कौशल को उपाध्यक्ष चुना गया।

ये भी पढ़ें:-  बिलासपुर: भाजपा महिला मोर्चा की मीडिया प्रभारी सीमा चंदेल ने दिया इस्तीफा, जानें वजह

सरवीन ने समर्थकों संग किया डांस,विजय रैली भी निकाली

शाहपुर नगर पंचायत के अध्यक्ष पद पर निशा शर्मा व उपाध्यक्ष पद पर किरण कौशल की ताजपोशी पर सरवीन चौधरी व भाजपा कार्यकर्ता गदगद दिखे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्तओं ने अध्यक्ष,उपाध्यक्ष व पार्षदों के साथ बैंड बाजा पर विजय रैली निकाली तथा पटाखे फोड़ कर अपनी खुशी का इजहार किया। शाहपुर बाज़ार में सरवीन चौधरी ने भी विजय रैली में भाग लिया तथा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व पार्षदो का मुंह मीठा करवाया। इस दौरान समाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीन चौधरी ने रेस्ट हाउस में अपने समर्थकों संग बैंड बाजा पर जमकर डांस किया।

ये भी पढ़ें:- शाहपुर के छिंज मेला में 31 मार्च को दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन होंगे मुख्यातिथि

सरवीन ने दी बधाई

समाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीन चौधरी ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष निशा शर्मा, उपाध्यक्ष किरण कौशल, पार्षद शुभम ठाकुर व आज़ाद को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज नया इतिहास लिखा गया है तथा वे शाहपुर के विकास में कोई कमी नहीं रहने देंगी। उन्होंने कहा कि शाहपुर नगर पंचायत में बजट की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। सभी वार्डों का एक समान विकास करवाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *