देवभूमि सवर्ण समाज संगठन: रूमित ने किया पार्टी गठन का एलान, 2022 का चुनाव लड़ेंगे, कार्यकर्ताओं ने कहा ना, बिखरे

Spread the love

आवाज़ ए हिमाचल 

शिमला, 16 मार्च। टूटीकंडी क्रॉसिंग पर प्रदर्शन कर रहे देवभूमि सवर्ण समाज संगठन के अध्यक्ष रूमित ठाकुर ने देवभूमि पार्टी का एलान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी 2022 का विधानसभा चुनाव लड़ेगी और सभी 68 सीटों पर उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारे जाएंगे। इस ऐलान के साथ ही रूमित को कार्यकर्ताओं के रोष का सामना करना पड़ा और कार्यकर्ता  सड़क पर बैठ गए। इस दौरान रूमित ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकि इस एलान के बाद कार्यकर्ता बिखर गए और मौके पर अब कुछ ही प्रदर्शनकारी मौजूद हैं।

 

प्रदर्शनकारियों से टकराव में ASP सहित 4 जवान घायल

हिमाचल प्रदेश में सवर्ण आयोग की मांग को लेकर शिमला पहुंचे लोगों और पुलिस के बीच जोरदार टकराव हो गया। संकटमोचन के पास प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव में शिमला के एएसपी सुशील कुमार सहित चार जवान घायल हो गए। एएसपी के सिर में गंभीर चोट आई है। पुलिस टीम उन्‍हें तुरंत आइजीएमसी अस्‍पताल ले गई है।

रूमित ठाकुर के खिलाफ नारेबाजी

देवभूमि सवर्ण समाज संगठन (Devbhoomi Savarna Samaj Sangathan) के अध्यक्ष रूमित ठाकुर के खिलाफ कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी है। रूमित ठाकुर ने कार्यकर्ताओं से कहा कि हम 2022 का विधानसभा चुनाव लड़ेंगे और मौजूदा सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएंगे। रूमित ठाकुर के इस बयान पर कार्यकर्ता भड़क गए और नारेबाजी शुरू कर दी। कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए, राजनीति नहीं चलेगी। कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए हैं। रूमित कार्यकर्ताओं को समझाने की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल मौके पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

सीएम जयराम ठाकुर के होर्डिंग फाड़े

देवभूमि सवर्ण समाज संगठन के कार्यकर्ताओं ने टूटीकंडी क्रॉसिंग (Tutikandi Crossing) के पास लगे सीएम के होर्डिंग फाड़ दिए हैं। विधानसभा के पास पुलिस ने बेरिकेड लगा दिए हैं। टालैंड से आगे ओल्ड बस स्टैंड की ओर आने वाली बसों की आवाजाही बंद कर दी गई है। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर वाया कंडाघाट.जुंगा मार्ग से होते हुए शिमला पहुंचे हैं। भीड़ को देखते हुए उनका रूट बदला गया।

दो घंटे से यातायात पूरी तरह बंद

बालूगंज से एमएलए क्रासिंग की तरफ वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। शिमला-चंडीगढ़ और शिमला-मंडी हाईवे पर दो घंटे से यातायात पूरी तरह बंद है। मुख्यमंत्री आवास ओक ओवर के बाहर भी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

 

ये है देवभूमि सवर्ण समाज संगठन की मांग

प्रदेश सरकार ने सामान्य वर्ग आयोग अधिसूचित किया है। देवभूमि सवर्ण समाज संगठन की मांग है कि सामान्य वर्ग आयोग नहीं, सरकार सवर्ण आयोग का गठन करे। इसकी अधिसूचना नहीं एक्ट के तहत इसकी स्थापना चाहिए। जारी अधिसूचना के अनुसार आयोग में जिस तरह से नियुक्तियां की जानी हैं, वे मौजूदा प्रावधानों के अनुसार राजनीतिक होंगी। ये गैर राजनीतिक और कंपीटेंट लोगों की होनी चाहिए। सवर्ण लोगों के अधिकारों की आयोग रक्षा करे और एससी एसटी एट्रोसिटी एक्ट के दुरुपयोग को रोकने के लिए इसमें कार्रवाई का प्रावधान हो। ये सिविल कोर्ट की तरह काम करे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *