चम्बा में कई रूटों पर बसें बंद होने पर भाजपा विधायक ने सदन में अपनी ही सरकार के मंत्री को घेरा 

Spread the love

 

वाज़ ए हिमाचल 

 शिमला, 8 मार्च। क्षेत्र में कई रूटों पर बस सेवाएं बंद किए जाने के चलते चंबा के भाजपा विधायक पवन नैयर ने मंगलवार को हिमाचल विधानसभा सदन में कई सवालों से अपनी ही सरकार के मंत्री को घेर डाला। जवाब में परिवहन मंत्री बिक्रम सिंह ने कहा है कि पूरे प्रदेश में जहां-जहां सवारी मिल रही हैं, वहां बसें चला रहे हैं। पहले यदि कोई वोल्वो बस चलती थी तो उसे चलाया जाएगा।। बाकी यदि नई चलानी है तो उसे भी चलाया जाएगा। 205 बसें नई आ रही हैं, उन्हें भी चलाए जाने की योजना है।

परिवहन मंत्री बिक्रम सिंह ने चंबा के भाजपा विधायक पवन नैयर के सवाल के जवाब में प्रश्नकाल में कहा कि चंबा से चामुंडा वाया बनीखेत 7 बसें चल रही हैं। एक बंद है। जहां तक विधायक ने डिपो खोलने की बात की है वह मुख्यमंत्री से मिलें और डिपो भी खोल देंगे।

यह बात बिक्रम सिंह से भाजपा के ही विधायक पवन नैयर की ओर से चंबा में कई स्थानीय रूटों पर बसें नहीं चलाने को लेकर उठाए गए सवाल के जवाब में कही।

मंत्री के जवाब के बाद भी विधायक ने अनुपूरक सवाल किया कि कई स्थानीय रूट बंद हैं। वहां दिक्कत आ रही है। कल भी उन्हें फोन आया था। इस पर मंत्री बिक्रम सिंह ने दोहराया कि जो भी रूट सवारियों वाले हैं, उन्हें वहां चलाया जाएगा।

सदन में मंगलवार को न तो मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर थे और न ही बागवानी मंत्री महेंद्र सिंह मौजूद थे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मंडी जिला के दौरे पर हैं। इस पर सीएम जयराम ठाकुर के स्थान पर सदन के नेता के रूप में कार्यवाही का संचालन संसदीय कार्य मंत्री सुरेश भारद्वाज ने किया।

कुल्लू के कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने मंगलवार को सदन में अपने क्षेत्र में वाटर एटीएम के खराब होने का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि उनके क्षेत्र में वाटर एटीएम लगा दिए गए हैं, लेकिन ये खराब पडे़ हैं। मंत्री इन्हें या तो ठीक करें या हटा दें। इस पर जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर की अनुपस्थिति में संसदीय कार्य मंत्री सुरेश भारद्वाज ने जवाब दिया कि खराब पडे़ एटीएम को ठीक करवाया जाना सुनिश्चित किया जाएगा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *