केवल पठानिया ने बजट को बताया दिशाहीन

Spread the love

आवाज़ ए हिमाचल 

बबलू सूर्यवंशी, शाहपुर 

5 मार्च। रैत कांग्रेस कार्यालय में आयोजित एक बैठक में प्रदेश सरकार द्वारा शुक्रवार को प्रस्तुत किये गए बजट को प्रदेश कांग्रेस महासचिव केवल सिंह पठानिया ने दिशाहीन बताया। पठानिया ने कहा कि बजट को लोकलुभावन बनाने की पूरी कोशिश की गई है, जबकि उन्हें नहीं लगता कि मुख्यमंत्री इस बजट में की गई अपनी घोषणाओं को पूरा कर पाएंगे। प्रतिभा सिंह ने भी प्रदेश की बिगड़ती अर्थव्यवस्था पर अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि बजट में अर्थव्यवस्था सुधार के कोई भी उपाय नहीं सुझाये गए हैं।

उन्होंने कहा कि बजट पूरी तरह दिशाहीन है। बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से निपटने की भी इस बजट में कोई कारगर योजना नहीं है। यह बजट महज आंकड़ों  का दस्तावेज है, जो आगामी विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत राजनैतिक लाभ लेने के लिए लोगों को लुभाने के लिए बनाया गया है।

पठानिया ने कहा कि जयराम सरकार का यह बजट उनकी सरकार की तरह खोखला है। इस बजट में बेरोजगार युवाओं, छात्रों, व्यापारियों, महिलाओं, बजुर्गो के लिए कुछ भी नया नहीं है। प्रदेश में बेरोजगार युवाओं की संख्या लगभग 9 लाख के पास है और यह संख्या प्रतिदिन बढ़ती ही जा रही है। पूर्व की वीरभद्र सरकार के 5 साल के कार्यकाल में लगभग 80 हजार बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी अवसर मिला था। इसके विपरीत वर्तमान जयराम सरकार के 4 साल के कार्यकाल में यह आंकड़ा 50 हजार तक भी नहीं पहुंचा है, वह भी हिमाचल के बेरोजगार युवाओं को दरकिनार कर बाहरी राज्यों के युवाओं को रोजगार देने का कार्य किया गया है।

पठानिया ने कहा कि जयराम की सरकार का 4 साल का कार्यकाल पूर्व में कांग्रेस सरकार द्वारा किए कार्यों के रिबन काटने में ही निकला है। जयराम सरकार इतिहास की पहली ऐसी सरकार है जिस के कार्यकाल हर वर्ग दुखी है। पुलिस कर्मचारी, छात्र, आउटसोर्स कर्मचारी, आंगनबाड़ी कर्मचारी, हर वर्ग का कर्मचारी को सड़क पर उतरने पर मजबूर इस सरकार ने किया है।

उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनावों में प्रदेश के लोग इस तानाशाही सरकार को उखाड़ने का काम करेगी। कांग्रेस सरकार बनते ही प्रदेश में ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करवाने का कार्य किया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *