आवाज़ ए हिमाचल
10 सितम्बर। शिक्षा विभाग में विवादित चल रहे किताब खरीद मामले में अब प्रकाशकों से अधिकतम 35 फीसदी तक डिस्काउंट लिया जाएगा। खरीद नीति को विभाग बदलने जा रहा है। शुक्रवार को सचिवालय में शिक्षा सचिव राजीव शर्मा की अध्यक्षता में बैठक होगी। प्रकाशकों से 35 फीसदी तक डिस्काउंट लेने पर फर्मों की संख्या भी बढ़ाने की योजना है।
अभी 49 फर्मों का चयन किया गया है। करीब दस करोड़ से सरकारी स्कूलों के पुस्तकालयों के लिए किताबों की खरीद की जानी है। बैठक में नेशनल बुक ट्रस्ट से की जाने वाली खरीद को लेकर भी फैसला लिया जाएगा। प्रदेश में बीते चार माह से किताब खरीद मामले को लेकर विवाद चल रहा है।
बीते दिनों मानसून सत्र के दौरान भी देश के कई प्रकाशकों ने चौड़ा मैदान शिमला में प्रदर्शन कर शिक्षा विभाग पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया था। प्रकाशकों ने शिक्षा विभाग पर मात्र दस फीसदी डिस्काउंट पर किताबें खरीदने का आरोप लगाया है।