हिमाचल के राशन कार्ड धारकों को राहत, सरसों तेल सस्ता; डिपुओं में फिर मिलेगा रिफाइंड तेल

5 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश के करीब 19 लाख राशन कार्ड धारकों के लिए इस माह राहत भरी खबर आई है। प्रदेश सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत मिलने वाले खाद्य तेल की कीमतों में बदलाव किया है। इस महीने उचित मूल्य की दुकानों (डिपुओं) पर सरसों का तेल पिछले माह की तुलना में कम दाम पर मिलेगा। साथ ही, लंबे इंतजार के बाद उपभोक्ताओं को एक बार फिर रिफाइंड तेल की सुविधा भी मिलने जा रही है।

खाद्य आपूर्ति निगम के अनुसार, वैश्विक और स्थानीय बाजार में कीमतों के उतार-चढ़ाव को देखते हुए दरों में संशोधन किया गया है। पिछले माह 160 रुपये प्रति लीटर मिलने वाला सरसों तेल अब 153 रुपये प्रति लीटर के दाम पर उपलब्ध होगा। पिछले सात महीनों से डिपुओं से गायब रिफाइंड तेल की सप्लाई फिर से शुरू कर दी गई है। सरकार ने टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कंपनी को सप्लाई ऑर्डर जारी कर दिए हैं। इस माह यह 135 रुपये प्रति लीटर की दर से मिलेगा। (उल्लेखनीय है कि 7 महीने पहले इसकी दर 125 रुपये थी)।

खाद्य आपूर्ति निगम के प्रबंध निदेशक राजेश्वर गोयल ने बताया कि बाजार की स्थिति को देखते हुए सरसों तेल के दामों में कमी आई है, जबकि रिफाइंड तेल के बेस प्राइस में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उन्होंने पुष्टि की कि रिफाइंड तेल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक आदेश जारी कर दिए गए हैं और जल्द ही यह सभी उचित मूल्य की दुकानों पर पहुंच जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *