5 अप्रैल: बिलासपुर शहर के साथ लगते कुनाला क्षेत्र में एक प्रवासी युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक का शव सड़क किनारे पड़ा मिला, जिसे उसके साथियों द्वारा जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान ललटू कुमार निवासी मोहम्मदपुर, डाकघर चपरान कोठी, तहसील सिमरी बख्तियारपुर, जिला सहारसा (बिहार) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह बिलासपुर में दिहाड़ी-मजदूरी का काम करता था और अपने साथियों के साथ किराए के मकान में रहता था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक की नाक से खून बह रहा था और उसके होंठ व ठोड़ी पर चोट के निशान पाए गए हैं। मृतक के साथ रह रहे धनेश्वर यादव और संतोष कुमार ने पुलिस को बताया कि वे सभी एक ठेकेदार के पास काम करते हैं।
साथियों के अनुसार, ललटू कुमार देर रात तक काम से वापस नहीं लौटा। जब उसकी तलाश की गई तो वह कुनाला क्षेत्र में सड़क किनारे मुंह के बल गिरा हुआ मिला। इसके बाद ठेकेदार के बेटे की गाड़ी से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
फिलहाल साथियों ने किसी पर संदेह व्यक्त नहीं किया है। प्रारंभिक जांच में सड़क पर गिरने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है।
एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि थाना सदर पुलिस द्वारा मामले में आगे की जांच की जा रही है।