28 मार्च: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब एचआरटीसी की एक बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरकर खेतों में जा घुसी। बस बिलासपुर से धर्मशाला जा रही थी और हादसे के समय उसमें करीब 25 यात्री सवार थे।
जानकारी के अनुसार, बस सुबह करीब 7 बजे अपने तय रूट पर निकली थी। घंडालवी के पास पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस सड़क किनारे नाली पार कर खेतों में उतर गई। अचानक हुए इस हादसे से बस में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों को जोरदार झटका लगा।
इस घटना में करीब 8 से 10 यात्रियों को मामूली चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही एचआरटीसी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सभी यात्रियों को सुरक्षित निकालकर दूसरी बस के जरिए उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। फिलहाल प्रशासन हादसे के कारणों की जांच में जुटा हुआ है।