गैस को लेकर घबराने की जरूरत नहीं: डीसी ऊना का सख्त संदेश, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

28 मार्च: ऊना जिले में गैस सिलेंडरों को लेकर बनी स्थिति के बीच उपायुक्त जतिन लाल ने साफ किया है कि जिले में एलपीजी की कोई कमी नहीं है। उन्होंने संबंधित विभागों, ऑयल कंपनियों और गैस एजेंसियों के साथ बैठक कर आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की और इसे सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।

डीसी ने कहा कि गैस का स्टॉक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और सप्लाई भी नियमित रूप से मिल रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं।

गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे घरेलू और व्यावसायिक सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखें और उपभोक्ताओं को बुकिंग के आधार पर बिना किसी भेदभाव के गैस उपलब्ध करवाएं। साथ ही ओवरचार्जिंग, जमाखोरी और मुनाफाखोरी पर सख्त नजर रखने को कहा गया है।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि गैस की बुकिंग घर बैठे फोन या मोबाइल ऐप के माध्यम से की जा सकती है। इसके अलावा पाइपलाइन गैस (PNG) को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया है, ताकि उपभोक्ताओं को भविष्य में किसी तरह की परेशानी न हो।

डीसी ने चेतावनी दी है कि गैस को लेकर अफवाह फैलाने या व्यवस्था में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संबंधित विभागों को नियमित निरीक्षण कर स्थिति पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *