27 मार्च: हिमाचल प्रदेश के सुंदरनगर में इन दिनों घरेलू गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत देखने को मिल रही है। हालात ऐसे हैं कि लोग सुबह तड़के से ही गैस गोदामों के बाहर लंबी कतारों में खड़े हो रहे हैं, लेकिन कई घंटों के इंतजार के बाद भी उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
गुरुवार को भी सैकड़ों उपभोक्ता सुबह 6 बजे से लाइन में लगे रहे, मगर पर्याप्त सप्लाई न होने के कारण अधिकांश लोगों को निराशा ही हाथ लगी। कई लोगों ने बताया कि वे 4-5 घंटे तक इंतजार करते रहे, फिर भी सिलेंडर नहीं मिल पाया।
स्थानीय लोगों ने गैस वितरण व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि एजेंसियों की कार्यप्रणाली सही नहीं है। उपभोक्ताओं का कहना है कि बुकिंग होने और डीएससी नंबर होने के बावजूद समय पर गैस उपलब्ध नहीं करवाई जा रही। इतना ही नहीं, सिलेंडर लाने के लिए लोगों को 300-400 रुपये तक अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ रहा है।
इस बीच कालाबाजारी की आशंकाएं भी तेज हो गई हैं। लोगों का आरोप है कि जहां आम जनता लाइनों में परेशान हो रही है, वहीं बाजार में गैस सिलेंडर ऊंचे दामों पर बेचे जा रहे हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से पर्याप्त स्टॉक होने की बात कही जा रही है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग नजर आ रही है।
गैस संकट से परेशान लोगों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सप्लाई व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो वे सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को इस समस्या का सबसे ज्यादा सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनके दैनिक जीवन पर भी असर पड़ रहा है।