कांग्रेस सरकार टैक्सों के सहारे जनता पर डाल रही बोझ: अनुराग ठाकुर का हमला

27 मार्च: भाजपा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने हिमाचल की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए उसे “टैक्सों की सरकार” करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि 2022 में बड़ी-बड़ी गारंटियों के साथ सत्ता में आई कांग्रेस अब जनता पर आर्थिक बोझ डाल रही है।

अनुराग ठाकुर ने पेट्रोल और डीजल पर प्रस्तावित सैस को लेकर सरकार को घेरा। उनका कहना है कि पहले ही डीजल पर वैट बढ़ाकर कीमतों में इजाफा किया गया है और अब नए सैस की तैयारी से आम लोगों पर और असर पड़ेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री के इस बयान पर भी सवाल उठाया कि सैस अभी लागू नहीं हुआ है।

उन्होंने आगे कहा कि सरकार एक ओर जहां महंगाई बढ़ा रही है, वहीं दूसरी ओर अपने करीबियों को लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ पदाधिकारियों की सैलरी में कई गुना बढ़ोतरी की गई और सरकारी संसाधनों का गलत इस्तेमाल हो रहा है।

सैस के असर पर बोलते हुए ठाकुर ने कहा कि भले ही इसे व्यापारियों पर लागू करने की बात कही जा रही है, लेकिन इसका असर अंततः आम जनता पर ही पड़ता है, जिससे रोजमर्रा की चीजें महंगी हो जाती हैं।

उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा इस मुद्दे को लेकर विरोध जारी रखेगी और सरकार से जनहित में फैसले लेने की मांग की।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *